संत रविदास के समरसता संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा : गोपाल मोदी

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा है कि संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर भाजपा पूरे जिले में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाएगी। इस अभियान के माध्यम से संत रविदास के जीवन दर्शन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

गोपाल मोदी ने कहा कि यह अभियान समाज में एकता, समानता, संवेदनशीलता और समावेशिता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी मंडलों में पवित्र कलश यात्रा निकाली जाएगी और अगले वर्ष माघ पूर्णिमा तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक संत रविदास के विचार पहुंचाए जाएंगे।

उन्होंने जानकारी दी कि 4 अगस्त को राजधानी रायपुर स्थित पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम में वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी एवं जल कलश का वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा। इससे पूर्व श्रीराम मंदिर में पूज्य संतों की उपस्थिति में कलश का पूजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, साधु-संत तथा विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

प्रदेश के 36 संगठन जिलों के जिलाध्यक्षों को पवित्र कलश सौंपे जाएंगे, जिसके बाद प्रदेश के 479 मंडलों में कलश वितरण और यात्रा का आयोजन किया जाएगा। कोरबा जिले में भी यह कलश विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करेगा और संत रविदास के समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।

गोपाल मोदी ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य संत रविदास के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में सामाजिक सद्भाव, समानता और भाईचारे का वातावरण मजबूत करना है।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की।