बालको ने नए बीटीएपी एल्यूमिना रेलवे रेक से सप्लाई चेन को किया मजबूत

कोरबा (बालकोनगर)। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपनी लॉजिस्टिक्स क्षमता को और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रेलवे यार्ड में दूसरा बीटीएपी (बोगी टैंक एल्यूमिना पाउडर) एम-1 (बी12) रेलवे रेक शामिल किया है। कंपनी के अनुसार यह पहल एल्यूमिना की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और एक मिलियन टन वार्षिक उत्पादन (1 एमटीपीए) के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगी।

एल्यूमिना, एल्यूमिनियम उत्पादन का प्रमुख कच्चा माल है और इसकी समयबद्ध उपलब्धता उत्पादन प्रक्रिया के लिए अत्यंत आवश्यक मानी जाती है। प्रतिदिन हजारों टन एल्यूमिना लंबी दूरी तय कर बालको संयंत्र तक पहुंचता है।

ऐसे में सुरक्षित, विश्वसनीय और निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के उद्देश्य से कंपनी ने रेलवे परिवहन व्यवस्था को और मजबूत किया है।

भारतीय रेलवे की लिबरलाइज्ड स्पेशल फ्रेट ट्रेन ऑपरेटर (एलएसएफटीओ) योजना के तहत शामिल इस नए रेलवे रेक से सड़क परिवहन पर निर्भरता कम होगी। इससे बड़ी मात्रा में एल्यूमिना का सुरक्षित और नियमित परिवहन संभव होगा, साथ ही लॉजिस्टिक्स लागत में भी दीर्घकालिक सुधार आएगा। रेल आधारित परिवहन को अधिक पर्यावरण अनुकूल और विश्वसनीय विकल्प माना जा रहा है।

बालको ने बताया कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी मजबूत करती है। रेल परिवहन के बढ़ते उपयोग से लॉजिस्टिक्स से होने वाले कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, जो वेदांता समूह के वर्ष 2050 तक नेट-ज़ीरो कार्बन लक्ष्य के अनुरूप है।

कंपनी का नया रेलवे रेक आधुनिक डिजिटल लॉजिस्टिक्स नेटवर्क से भी जुड़ा हुआ है। 24×7 कंट्रोल टॉवर, जीपीएस आधारित रियल-टाइम ट्रैकिंग, केंद्रीयकृत सीसीटीवी निगरानी और सस्टेनेबल ऑपरेशन मॉनिटरिंग के माध्यम से सामग्री की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जाएगी। इससे त्वरित निर्णय, बेहतर समन्वय और पूरी सप्लाई चेन की दक्षता में वृद्धि होगी।

बालको के अनुसार यह निवेश केवल परिवहन अवसंरचना का विस्तार नहीं, बल्कि भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप एक स्मार्ट, मजबूत और टिकाऊ सप्लाई चेन विकसित करने की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है।

कंपनी आधुनिक तकनीक, कुशल लॉजिस्टिक्स और टिकाऊ विकास के माध्यम से देश के एल्यूमिनियम उद्योग में नए मानक स्थापित करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।