कटघोरा। कटघोरा क्षेत्र के सेनानी पेट्रोल पंप के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बिलासपुर से कोरबा आ रही यात्रियों से भरी यादव बस और एक बोलेरो वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कुछ समय के लिए राष्ट्रीय मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों के कारण दोनों वाहनों को पर्याप्त जगह नहीं मिल सकी, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बताया जा रहा है कि बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और बोलेरो दोनों क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को वाहनों से बाहर निकाला।
हादसे में बस सवार आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं बोलेरो में सवार चार लोगों में से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। अन्य घायलों को भी चोटें आई हैं। सभी को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करने की कार्रवाई शुरू की। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार पक्ष के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
