सर्वमंगला घाट समेत विभिन्न स्थानों से जल लेकर शिवालयों के लिए रवाना हुए श्रद्धालु, प्रथम सावन सोमवार को होगा जलाभिषेक
कोरबा।भगवान शिव की आराधना का पावन श्रावण मास शुरू होते ही कोरबा अंचल में भक्ति और आस्था का माहौल बन गया है। सावन के प्रथम सोमवार को शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए रविवार की मध्यरात्रि सर्वमंगला हसदेव घाट सहित जिले के विभिन्न स्थानों से कांवरियों के जत्थे जल लेकर रवाना हुए। इस दौरान ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।
शिवभक्तों ने सर्वमंगला हसदेव घाट, नरसिंह गंगा और कोरकोमा सहित अन्य जलस्रोतों से कांवर में जल उठाया और कनकेश्वर महादेव हनुमानगढ़ कटघोरा, शंकरखोल गुफा सहित विभिन्न शिवालयों के लिए पैदल रवाना हुए। कांवरियों की लंबी यात्रा को देखते हुए मार्ग में सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवकों द्वारा रोशनी, पेयजल, चाय तथा प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
सावन के प्रथम सोमवार को श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक करेंगे। इसके साथ ही बेलपत्र, धतूरा एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाएगी।
शहर के प्रमुख शिव मंदिरों के अलावा बालको नगर, जमनीपाली, कुसमुंडा, दीपका, मोगरा तथा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।इसे देखते हुए मंदिर समितियों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। कई मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
पूरे सावन धार्मिक आयोजनों की धूम
जिले के प्राचीन कनकेश्वर महादेव मंदिर, कनकी में पूरे श्रावण मास बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सुरक्षा, पेयजल, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन एवं जनपद पंचायत करतला को भी आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा पाली महादेव मंदिर, नरसिंह गंगा, कटघोरा के हनुमानगढ़ क्षेत्र के शिवालयों और शंकरखोल सहित जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पूरे सावन विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे।
आने वाले पूरे एक माह तक कोरबा अंचल हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
