ज्ञान और संस्कारों को जीवन में उतारने का लिया संकल्पलिटिल स्टेप्स स्कूल में हुआ गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम

कोरबा।भारत विकास परिषद कोरबा एवं शक्ति स्वरूपा शाखा द्वारा लिटिल स्टेप्स स्कूल में गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का सम्मान करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर प्रगति करने और अच्छे संस्कारों को अपनाने का आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को भारतीय परंपरा में गुरु के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने का कार्य नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों को अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करना चाहिए तथा उनसे प्राप्त ज्ञान और संस्कारों को अपने जीवन में धारण करना चाहिए।

आरती उतारकर लिया गुरुजनों का आशीर्वाद

उद्बोधन के बाद विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों की आरती उतारी और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान गुरु-शिष्य के बीच भावनात्मक वातावरण देखने को मिला। सम्मान के दौरान कई विद्यार्थी भावुक नजर आए, वहीं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में गुरुजनों के प्रति सम्मान, भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के प्रति जागरूकता और जीवन में अनुशासन की भावना विकसित करना रहा।

विद्यार्थियों ने दी रंगारंग प्रस्तुति

कार्यक्रम के दौरान लिटिल स्टेप्स स्कूल के विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय पदाधिकारी धर्मेंद्र कुदेशिया, महेश गुप्ता, प्रांतीय पदाधिकारी विष्णु शंकर मिश्रा, कोरबा मुख्य शाखा अध्यक्ष कमलेश यादव, शक्ति स्वरूपा शाखा अध्यक्ष पद्मिनी साहू, भारती अरोरा, हेमा शर्मा सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

स्कूल प्रबंधन ने गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन जैसे संस्कारपरक कार्यक्रम के आयोजन के लिए भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।