आत्मा से प्रेम ही ईश्वर की प्राप्ति का सर्वोत्तम मार्ग : ज्योति

कमला नेहरू महाविद्यालय में नैतिक मूल्य, अध्यात्म और ध्यान पर व्याख्यान, विद्यार्थियों को सकारात्मक जीवन का संदेश

कोरबा। कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा के शिक्षा संकाय में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं आध्यात्मिक जागरूकता के उद्देश्य से विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी माउंट आबू, पानीपत (हरियाणा) से आईं ब्रह्माकुमारी ज्योति ने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, कर्तव्य, अध्यात्म एवं ध्यान के महत्व से अवगत कराया।

अपने उद्बोधन में ब्रह्माकुमारी ज्योति ने कहा कि आत्मा से प्रेम करना ही ईश्वर की प्राप्ति का सर्वोत्तम साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन की कठिन परिस्थितियों का मुस्कुराकर सामना करने, धैर्य बनाए रखने, किसी का उपहास न करने तथा नकारात्मक सोच से दूर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि अपनी कमजोरियों को ही अपनी ताकत बनाकर हर समस्या का समाधान किया जा सकता है।

व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों को ध्यान (मेडिटेशन) के माध्यम से मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ध्यान का अभ्यास कर आत्मिक शांति और संतुलित जीवन के महत्व को समझा।

इस अवसर पर रमा कर्मकार, कमल कर्मकार, शिक्षा संकाय की विभागाध्यक्ष डॉ. भारती कुलदीप, डॉ. अंजू खेस्स, राकेश गौतम, नितेश कुमार यादव, शंकर लाल यादव, कुणाल दास गुप्ता सहित बी.एड. प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक, आध्यात्मिक एवं मानवीय मूल्यों का विकास करना रहा।