कोरबा। निहारिका स्थित लेवल अप मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) अकैडमी में आयोजित ब्लैक बेल्ट एवं कलर बेल्ट अलंकरण समारोह-2026 उत्साह और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में कराटे और ताइक्वांडो के 100 से अधिक खिलाड़ियों को उनकी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ब्लैक बेल्ट, कलर बेल्ट, प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के श्रम, उद्योग, वाणिज्य एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर संजू देवी राजपूत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, एल्डरमैन ईश्वर साहू एवं नरेंद्र पटनवार उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना भी विकसित करते हैं।

समारोह में कराटे के गुंजन देवांगन, वीरभद्र प्रकाश पैकरा, रोहन श्रीवास, जैसमिन कुर्रे, दीक्षा सिन्हा एवं आस्विता पाण्डेय तथा ताइक्वांडो के हृदया मंडल, आर्या गौरी सिंह, आराध्य सोनी, वी. सांभवी, प्रणव निर्मलकर एवं अगस्त्य शर्मा को प्रथम डान ब्लैक बेल्ट से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा कराटे और ताइक्वांडो के खिलाड़ियों को ब्राउन, ब्लू, रेड, ग्रीन, सीनियर ग्रीन, ऑरेंज और येलो सहित विभिन्न कलर बेल्ट प्रदान किए गए। समारोह के दौरान खिलाड़ियों ने कराटे एवं ताइक्वांडो की तकनीकों और आत्मरक्षा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों की खूब सराहना बटोरी।
कार्यक्रम का सफल आयोजन लेवल अप एमएमए अकैडमी के डायरेक्टर एवं एनआईएस कोच प्रेमराज बंजारे, कोरबा जिला कराते डू स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश बंजारे, सचिव देवाशीष कश्यप, अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी एवं कोच स्नेहा बंजारे तथा कोच ईशा सोनवानी, रानी मरकाम, केया कंसारी और यश खरे के संयुक्त प्रयासों से संपन्न हुआ।
समारोह के अंत में अकैडमी परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
