सीएसईबी चौक पर शुरू हुआ निर्माण, ट्रांसपोर्ट नगर सहित अन्य प्रमुख चौराहों पर भी होगी सुविधा
कोरबा। शहर में ट्रैफिक सिग्नलों पर धूप और बारिश के बीच खड़े रहने की परेशानी अब जल्द खत्म होने वाली है। नगर पालिक निगम ने प्रमुख चौक-चौराहों पर रेड सिग्नल पर रुकने वाले वाहन चालकों की सुविधा के लिए सड़क के ऊपर आधुनिक ट्रैफिक शेड बनाने की पहल शुरू कर दी है।
पहले चरण में शहर के सबसे व्यस्त सीएसईबी चौक पर शेड का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है।
सीएसईबी चौक शहर का प्रमुख ट्रैफिक जंक्शन है, जहां से दर्री, ट्रांसपोर्ट नगर, बालको, स्टेडियम मार्ग और शहर के विभिन्न हिस्सों के लिए प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। रेड सिग्नल के दौरान दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को तेज धूप, बारिश और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए निगम ने स्टील स्ट्रक्चर आधारित आधुनिक शेड निर्माण का निर्णय लिया है।
निर्माण एजेंसी द्वारा मजबूत स्टील पिलर और ट्रस स्ट्रक्चर तैयार कर लिया गया है। अब शेड की छत लगाने सहित शेष कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण पूरा कर इसे आम लोगों के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
नगर निगम की योजना केवल सीएसईबी चौक तक सीमित नहीं है। पहले चरण के बाद ट्रांसपोर्ट नगर सहित शहर के अन्य व्यस्त चौक-चौराहों पर भी इसी प्रकार के ट्रैफिक शेड बनाए जाएंगे। इससे हर मौसम में वाहन चालकों और राहगीरों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक इंतजार की व्यवस्था मिल सकेगी।
नगर निगम का मानना है कि बढ़ते शहरी यातायात के बीच केवल सड़क और ट्रैफिक सिग्नल विकसित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देना भी आवश्यक है।
इसी उद्देश्य से शहर में आधुनिक शहरी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। निगम को उम्मीद है कि यह पहल कोरबा की नई पहचान बनेगी और अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणादायी मॉडल साबित होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
