रियल-टाइम डिजिटल डैशबोर्ड से होगी ट्रकों की निगरानी, पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने पर फोकस
कोरबा।साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने कोयला डिस्पैच व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, दक्ष और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। कंपनी के सतर्कता विभाग ने निवारक सतर्कता (Preventive Vigilance) के तहत गेवरा, दीपका, कुसमुंडा और रायगढ़ क्षेत्रों में समर्पित ट्रक डिस्पैच मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं।
इन कंट्रोल रूम का विकास एसईसीएल ने अपने संसाधनों से (इन-हाउस) किया है। यहां रियल-टाइम डिजिटल डैशबोर्ड के माध्यम से ट्रकों की आवाजाही, कोयला डिस्पैच की स्थिति तथा परिचालन संबंधी संभावित बाधाओं पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
सतर्कता विभाग का उद्देश्य केवल अनियमितताओं का पता लगाना नहीं, बल्कि पूरी प्रणाली में सुधार कर डिस्पैच प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुचारु बनाना है।
रियल-टाइम मॉनिटरिंग से संभावित समस्याओं की समय रहते पहचान कर त्वरित समाधान किया जा सकेगा, जिससे विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय भी स्थापित होगा।
टर्नअराउंड टाइम घटाने पर रहेगा जोर
एसईसीएल के अनुसार इस पहल से ट्रकों का टर्नअराउंड टाइम (TAT) कम होगा, वाहनों के निर्गमन में होने वाली देरी घटेगी तथा कोयला डिस्पैच और निकासी की गति में उल्लेखनीय सुधार आएगा। साथ ही रियल-टाइम डेटा के आधार पर त्वरित और तथ्यपरक निर्णय लेने में भी सुविधा मिलेगी।
तकनीक आधारित सतर्कता को मिलेगा बढ़ावा
केंद्रीय सतर्कता आयोग की निवारक सतर्कता की भावना के अनुरूप शुरू की गई यह पहल प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता को मजबूत करेगी। एसईसीएल का सतर्कता विभाग डिजिटल तकनीक, रियल-टाइम निगरानी और सक्रिय परिचालन प्रबंधन के माध्यम से कोयला डिस्पैच व्यवस्था में प्रणालीगत सुधार लाने की दिशा में कार्य कर रहा है।
कंपनी का मानना है कि यह पहल न केवल कोयला परिवहन प्रणाली को अधिक विश्वसनीय बनाएगी, बल्कि तकनीक-सक्षम खनन एवं लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में नए मानदंड भी स्थापित करेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

