भुडूपानी में हाथियों का कहर: मकान तोड़ परिवार को किया बेघर

कोरबा। जिले के कोरबा और कटघोरा वनमंडल में हाथियों का आतंक लगातार बना हुआ है। बीती रात कटघोरा वनमंडल के एतमानगर रेंज अंतर्गत भुडूपानी गांव में हाथियों ने एक मकान को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन प्रभावित परिवार बेघर हो गया है। लगातार बढ़ते हाथी उत्पात से ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोगों के सामने अपनी सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता बन गई है।

जानकारी के अनुसार, एतमानगर रेंज के मड़ई सर्किल स्थित भुडूपानी गांव में हाथियों के दल ने फूलकन्या कुजूर के मकान पर देर रात हमला कर दिया। हाथियों ने मकान को नुकसान पहुंचाने के साथ घर में रखे घरेलू सामान और बर्तनों को भी तहस-नहस कर दिया। घटना के समय परिवार घर के अंदर सो रहा था। हाथियों की आहट सुनकर परिवार के सदस्य जाग गए और तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी।

ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। इसके बाद ही परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हालांकि, मकान क्षतिग्रस्त होने से परिवार के सामने अब रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

बताया गया कि सुबह हाथियों का दल आगे बढ़कर गुरसिया परिसर पहुंच गया, जहां वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

जिले में 52 हाथियों का विचरण
वन विभाग के अनुसार, वर्तमान में कोरबा और कटघोरा वनमंडल में करीब 52 हाथी अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहे हैं। हाथियों की मौजूदगी कोल्गा, जटगा, बासिन, गुरसिया, कोरबी और कापानवापारा सहित कई वन क्षेत्रों में बनी हुई है।

हाथियों के लगातार विचरण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जंगल से लगे गांवों के किसान खेतों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से निगरानी बढ़ाने, प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने और हाथी प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।