कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भैसामुड़ा में रविवार देर रात घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत एक पति ने बची हुई शराब पीने की बात पर अपनी पत्नी की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 32 वर्षीय अगहन बाई धनवार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मड़वारानी गांव की निवासी थी। वह पिछले कुछ दिनों से अपने पति परदेसी धनवार के साथ भैसामुड़ा में रह रही थी। दोनों मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि रविवार रात पति-पत्नी ने साथ बैठकर शराब पी थी। पार्टी के बाद बची हुई शराब अगहन बाई ने पी ली, जिससे नाराज होकर परदेसी धनवार ने गुस्से में डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट इतनी गंभीर थी कि कमरे की चटाई और दीवारों पर खून के छींटे तक मिल गए।
चीख-पुकार सुनकर एक बुजुर्ग बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी उठाकर पटक दिया। जान बचाकर बुजुर्ग वहां से भाग निकले। लगातार पिटाई के कारण अगहन बाई की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी पूरी रात पत्नी के शव के पास बैठा रहा। सोमवार सुबह उसने स्वयं ग्रामीणों को पत्नी की हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी को हिरासत में लिया गया।
थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे और गुस्से में पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया है। मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

