पाली नगर पंचायत के नवनियुक्त एल्डरमैन ने ली शपथ

एसडीएम रोहित सिंह ने दिलाई शपथ, जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान

कोरबा-पाली। नगर पंचायत पाली के मनोनीत एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को आयोजित किया गया। एसडीएम रोहित सिंह ने वरिष्ठ अधिवक्ता रामनारायण पटेल, समाजसेवी हरीश चावड़ा और रामबिलास जायसवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल, उपाध्यक्ष लखन प्रजापति, वरिष्ठ नेता ज्ञान सिंह राजपाल, परमजीत सिंह छाबड़ा, प्रयागनारायण शांडिल्य, भाजपा मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल, दीपक सोनकर, कीर्ति कश्यप, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पूर्णेंदु तिवारी सहित जनप्रतिनिधि एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त एल्डरमैनों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

शपथ ग्रहण के बाद एसडीएम रोहित सिंह ने कहा कि एल्डरमैन नगर पंचायत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, सड़क एवं नाली निर्माण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से नगर के विकास कार्यों को गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।