वर्षा प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग, सीपीआई ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

मानस नगर में तीन वर्षों से जलभराव से घरों को नुकसान, प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने की उठाई मांग

कोरबा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) जिला परिषद कोरबा ने वार्ड क्रमांक 19 मानस नगर में लगातार बारिश से प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान वर्षा से प्रभावित कई परिवार भी मौजूद रहे और अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया।

ज्ञापन में बताया गया कि पानी टंकी के समीप स्थित बस्ती में लोग पिछले लगभग 20 वर्षों से निवास कर रहे हैं। मुख्य मार्ग पर पुलिया निर्माण के बाद से बीते तीन वर्षों से बारिश के दौरान क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। इसके कारण कई मकानों में पानी घुस जाता है, जिससे अनाज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर सहित घरेलू सामान खराब हो रहे हैं। कई परिवारों को अपने घर छोड़कर किराए के मकानों में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

सीपीआई नेताओं ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों का सर्वे कराकर उन्हें उचित मुआवजा देने तथा जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए आवश्यक निर्माण कार्य कराने की मांग की। उनका कहना था कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आगामी वर्षों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान सीपीआई जिला सचिव पवन कुमार वर्मा, एन.के. दास, मोहित, संतोष साहू, राहुल विश्वकर्मा, मानसी विश्वकर्मा, सरिता साहू, सिलोचना, महंत, मीना साहू, जमुना विश्वकर्मा, उर्वशी विश्वकर्मा, श्यामा, कौशिल्या साहू, अनीता श्रीवास, विमला, रानू महंत, कौशिल्या यादव, ललिता बरेठ सहित बड़ी संख्या में प्रभावित नागरिक उपस्थित रहे।