रोटरी क्लब ऑफ कोरबा की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ

53वें पदस्थापना समारोह में सतनाम सिंह मल्होत्रा बने अध्यक्ष, मनोज अग्रवाल ने संभाला सचिव पद

कोरबा।रोटरी क्लब ऑफ कोरबा के 53वें पदस्थापना समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में क्लब की नई कार्यकारिणी ने पद एवं दायित्व की शपथ ली। इस अवसर पर सतनाम सिंह मल्होत्रा ने अध्यक्ष तथा मनोज कुमार अग्रवाल ने सचिव पद की जिम्मेदारी संभाली।

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल, सहायक प्रांतपाल आशीष अग्रवाल तथा पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान निवर्तमान पदाधिकारियों को उनके कार्यकाल के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर संतोष जैन ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्ष 2025-26 के दौरान क्लब द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी दी। साथ ही निवर्तमान अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी एवं उनकी टीम के कार्यों की सराहना की गई।

पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने रोटरी क्लब द्वारा समाजहित में किए जा रहे सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई। वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि रोटरी क्लब समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और उसे आगे भी हरसंभव सहयोग मिलता रहेगा।

समारोह के अंत में सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया तथा नई कार्यकारिणी को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं।