‘माय भारत’ कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में अधिक से अधिक युवा पंजीयन पर दिया जोर
कोरबा।जिले में ‘माय भारत’ कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में माय भारत जिला सलाहकार समिति एवं जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि ‘माय भारत’ कार्यक्रम युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों, हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों से अधिक से अधिक युवाओं का माय भारत यूथ वॉलंटियर्स के रूप में पंजीयन कराने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नेतृत्व विकास, स्वयंसेवा, सामाजिक दायित्व और जनहितकारी गतिविधियों से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि माय भारत युवा कार्यक्रम के अंतर्गत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विभिन्न रचनात्मक अवसरों से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाया जाएगा, ताकि वे समाज और राष्ट्र के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन,नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय,ओएसडी तरुण किरण,अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल,ओंकार यादव, माधुरी सोम ठाकुर, जिले के सभी एसडीएम, जिला युवा अधिकारी ईशा गौतम, माय भारत जिला सलाहकार समिति एवं जिला समन्वय समिति के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य, सहायक प्राध्यापक, एनएसएस एवं एनसीसी प्रभारी तथा माय भारत यूथ वॉलंटियर्स उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

