एनकॉर्ड समिति की बैठक में कलेक्टर के निर्देश, स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री पर होगी सख्त कार्रवाई
कोरबा। जिले में नशा मुक्त वातावरण तैयार करने और नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए नशा नियंत्रण और जनजागरूकता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि जिले के सभी शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में तंबाकू निषेध संबंधी जागरूकता गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित की जाएं तथा शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में नशीले पदार्थों की आपूर्ति पर रोक लगाने के लिए जिले की सभी कूरियर डिलीवरी एजेंसियों की बैठक आयोजित कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को विकासखंड स्तर पर नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाने तथा भारत वाहिनी की इकाइयों को अभियान से जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करना अभियान की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

