पर्यावरण संतुलन के लिए सभी विभाग ज्यादा पौधे लगाने की तैयारी करें, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर नोटिस

कोरबा। जिले में मानसून के दौरान पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी विभागों को व्यापक पौधरोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 15 सितंबर तक अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं और सभी विभाग अपने कार्यालय परिसरों में पौधरोपण के लिए आवश्यक पौधों एवं ट्री-गार्ड की मांग शीघ्र उपलब्ध कराएं।

बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा के दौरान विद्युत एवं शिक्षा विभाग की शिकायतों के निराकरण की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने दोनों विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को लंबित शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने बारिश के मद्देनजर निचले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में मुनादी कराने, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सुचारु रखने तथा राहत एवं बचाव की सभी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाइयों एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

दूरस्थ एवं नदी-नालों के उफान से संपर्कविहीन होने वाले क्षेत्रों में खाद्यान्न का अग्रिम भंडारण और नियमित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही हाथियों से फसल एवं संपत्ति की क्षति के मामलों में मुआवजा प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने को कहा गया।

बैठक में वर्षा से क्षतिग्रस्त प्रधानमंत्री ग्राम सड़क सहित अन्य प्रमुख सड़कों का सर्वे कर संबंधित निर्माण एजेंसियों एवं ठेकेदारों को आवश्यकतानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा पीएम किसान-एग्रिस्टेक पोर्टल में किसानों की जानकारी अद्यतन करने, लंबित फौती नामांतरण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण तथा ब्लॉक स्तर के कार्यालयों में ई-ऑफिस और ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।