कुसमुंडा खदान में कर्मचारी की संदिग्ध मौत, घटना को लेकर उठे कई सवाल

कोरबा। जिले की एसईसीएल कुसमुंडा परियोजना खदान में कार्यरत कर्मचारी प्रेम सिंह ध्रुव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के वास्तविक कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि घटना से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि कर्मचारी किसी भारी वाहन के पहिये के नीचे आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात की बताई जा रही है। घायल कर्मचारी को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक प्रेम सिंह ध्रुव मूल रूप से कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड अंतर्गत बिछिया गांव का निवासी था।

घटना को लेकर यह भी चर्चा है कि मौके पर मौजूद लोगों को वीडियो बनाने से रोका गया। हालांकि, इन दावों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद कर्मचारी वर्ग और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना के वास्तविक कारणों को सार्वजनिक करने तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।