60 किमी दूरी के नियम का हवाला, स्थानीय वाहनों से टोल वसूली पर रोक लगाने की भी मांग
कटघोरा। नगर पालिका परिषद कटघोरा के अध्यक्ष राज जायसवाल ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक, बिलासपुर को पत्र भेजकर ग्राम मदनपुर स्थित टोल प्लाजा को निर्धारित मानकों के अनुरूप अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
उनका कहना है कि वर्तमान स्थान के कारण कटघोरा, छुरी, एनटीपीसी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को प्रतिदिन अनावश्यक टोल शुल्क देना पड़ रहा है, जिससे आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
अपने पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के नियमों के अनुसार दो टोल प्लाजाओं के बीच न्यूनतम 60 किलोमीटर की दूरी होनी चाहिए, जबकि मदनपुर और बरद्वार टोल प्लाजा के बीच की दूरी लगभग 29 किलोमीटर ही है। इसे निर्धारित मानकों के विपरीत बताते हुए उन्होंने मामले की तत्काल समीक्षा करने की मांग की है।
राज जायसवाल ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था से स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों तथा प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों को आर्थिक और व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनहित को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मदनपुर टोल प्लाजा को शीघ्र अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
उन्होंने यह भी आग्रह किया है कि जब तक टोल प्लाजा का स्थानांतरण नहीं होता, तब तक कोरबा जिले के स्थानीय नागरिकों के कटघोरा से रंजकम्मा, पाली और चेतमा की ओर आने-जाने वाले वाहनों से टोल शुल्क नहीं लिया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को तत्काल राहत मिल सके।
इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर कोरबा एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कटघोरा को भी आवश्यक कार्रवाई एवं जानकारी के लिए प्रेषित की गई है। नगर पालिका अध्यक्ष ने उम्मीद जताई है कि NHAI जनहित को प्राथमिकता देते हुए इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

