‘रिटेन एंड रीच’ नीति से बढ़ेगी स्काउट-गाइड सदस्यता, वार्षिक कार्ययोजना को मिली मंजूरी

15 जुलाई से 15 अगस्त तक चलेगा पौधरोपण अभियान, सड़क सुरक्षा और प्रशिक्षण गतिविधियों पर रहेगा विशेष फोकस

कोरबा।भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक सोमवार को पंचवटी विश्राम गृह के सभागार में जिला मुख्य आयुक्त मोहम्मद सादिक शेख की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। साथ ही जिले में 15 जुलाई से 15 अगस्त तक व्यापक पौधरोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में जिला सचिव भरत सिंह वर्मा ने आगामी सत्र की प्रस्तावित कार्ययोजना प्रस्तुत की, जिसे विस्तृत चर्चा के बाद अनुमोदित किया गया। शिक्षकों के बेसिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन शासकीय उमा विद्यालय, ग्राम सिंघिया में करने का प्रस्ताव भी पारित हुआ।

संगठन की सदस्यता बढ़ाने के लिए ‘रिटेन एंड रीच’ नीति अपनाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत वर्तमान सदस्यों को संगठन से जोड़े रखने के साथ नए सदस्यों के पंजीयन अभियान को गति दी जाएगी। इसके अलावा विकासखंड स्तर पर प्राचार्यों की क्षमता संवर्धन कार्यशालाएं आयोजित करने पर भी सहमति बनी।

बैठक में द्वितीय एवं तृतीय सोपान शिविर, पेट्रोल लीडर ट्रेनिंग कैंप, रोवर-रेंजर मीट, कब-बुलबुल कार्यक्रम, सड़क सुरक्षा अभियान तथा लगभग 5,000 प्रतिभागियों वाली प्रस्तावित राज्य स्तरीय कैम्पूरी सहित विभिन्न गतिविधियों के आयोजन को भी मंजूरी दी गई।

बैठक में जिला आयुक्त बी.एस. पैकरा, अनिता ओहरी, जिला मुख्य आयुक्त विजय भूषण तिर्की, पूर्णिमा भट्टाचार्य, सहायक राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) गनेशी सोनकर, सहायक जिला आयुक्त डॉ. अल्का फिलिप्स, कल्पना शर्मा, गंगा कौशिक, आजीवन सदस्य रविन्द्र कुमार सिंह, एएलटी सदस्य एस.आर. अमित, डीटीसी प्रीतमलाल राजवाड़े, पुष्पा शांडिल्य,डीओसी दिगम्बर सिंह कौशिक,उत्तरा मानिकपुरी, जिला युवा समिति की उपाध्यक्ष राधिका विश्वकर्मा, सामुदायिक गाइड सदस्य सरस्वती ध्रुव सहित विभिन्न विकासखंडों के पदाधिकारी एवं स्काउट-गाइड लीडर्स उपस्थित रहे।

बीईओ संजय अग्रवाल को दी भावभीनी विदाई
बैठक के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कोरबा एवं सहायक जिला आयुक्त (स्काउट) संजय अग्रवाल के सेवानिवृत्त होने पर जिला स्काउट परिवार ने उनका सम्मान किया। उन्हें शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर शिक्षा और स्काउटिंग के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर संजय अग्रवाल ने कहा कि “स्काउटिंग मेरे जीवन का अभिन्न हिस्सा है। संगठन को जब भी मेरी आवश्यकता होगी, मैं सदैव उपलब्ध रहूंगा।”