कल से होगी कार्रवाई, नाबालिग वाहन चलाते मिले तो अभिभावकों को भी बुलाया जाएगा
कोरबा। जिले में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों ने शहर के प्रमुख निजी और शासकीय विद्यालयों का दौरा कर प्राचार्यों से मुलाकात की और छात्रों व अभिभावकों को सख्त संदेश देने का आग्रह किया।
पुलिस टीम ने न्यू एरा स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल, निर्मला स्कूल, सेंट पलोटी स्कूल, डीएवी स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, पीडब्ल्यूडी स्कूल और साडा स्कूल सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर स्पष्ट किया कि यदि कोई नाबालिग छात्र वाहन चलाते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उसके माता-पिता या अभिभावकों को भी पुलिस के समक्ष बुलाया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को स्कूलों में केवल समझाइश और जागरूकता दी गई है, लेकिन अब अभियान के तहत नियमित जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी।
इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर,नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी,डीएसपी डी.के.सिंह,कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद डडसेना,यातायात एएसआई ईश्वरी लहरे, मनोज राठौर तथा प्रधान आरक्षक संतोष सिंह सहित पुलिस अधिकारी एवं यातायात पुलिस की टीम शामिल रही।
पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन न चलाने दें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

