24 घंटे अंधेरे में डूबीं एसईसीएल कॉलोनियां, बिजली-पानी संकट से कर्मचारी परिवार परेशान

पंद्रह ब्लॉक पंप हाउस, जेपी कॉलोनी और सुभाष ब्लॉक में बिजली गुल, प्रबंधन की कार्यशैली पर उठे सवाल

कोरबा। देश की ऊर्जा राजधानी कहे जाने वाले कोरबा में एसईसीएल कोरबा क्षेत्र की कई कॉलोनियों में करीब 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से कर्मचारियों और उनके परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सोमवार दोपहर से मंगलवार दोपहर तक पंद्रह ब्लॉक पंप हाउस, जेपी कॉलोनी और सुभाष ब्लॉक कॉलोनी अंधेरे में डूबी रहीं। समाचार लिखे जाने तक भी बिजली आपूर्ति पूरी तरह सामान्य होने अथवा समस्या के स्थायी समाधान को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।

लंबे समय तक बिजली बंद रहने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई, जिससे कॉलोनियों में दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। घरेलू कामकाज प्रभावित होने के साथ लोगों को पानी की भी किल्लत झेलनी पड़ी।

कॉलोनीवासियों और कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों की लापरवाही और समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण समस्या लंबे समय तक बनी रही। उनका कहना है कि जिन कर्मचारियों के श्रम से देश के विभिन्न ताप विद्युत संयंत्रों तक कोयले की आपूर्ति होती है, उन्हीं के परिवारों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

रहवासियों ने एसईसीएल प्रबंधन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा कॉलोनियों की विद्युत व्यवस्था को अधिक भरोसेमंद और स्थायी बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी सुधार करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया है।