बारिश बनी जानलेवा: करंट लगने से दो मासूमों की मौत, बिजली विभाग ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी

कोरबा। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच करंट लगने से दो अलग-अलग हादसों में दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान 12 वर्षीय शिवम महंत और 6 वर्षीय ज्योति पांडे के रूप में हुई है। घटनाओं के बाद बिजली विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने और टूटे विद्युत तारों से दूर रहने की अपील की है।

पहली घटना ग्राम जपेली की है, जहां 12 वर्षीय शिवम महंत घर में मोबाइल चला रहा था। मोबाइल की बैटरी खत्म होने पर वह उसे चार्ज करने जा रहा था। इसी दौरान घर के दरवाजे से गुजर रहे एक कटे हुए विद्युत तार से दरवाजे में करंट प्रवाहित हो रहा था। दरवाजे के संपर्क में आते ही शिवम करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

दूसरी घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र के पंप हाउस इलाके में हुई। यहां 6 वर्षीय ज्योति पांडे घर के बाहर खेल रहा था।

बताया गया कि एक पड़ोसी ने लकड़ी के बांस के सहारे बिजली का अस्थायी कनेक्शन लिया हुआ था। लगातार बारिश के कारण बांस गिर गया और बिजली का तार जमीन पर आ गया। खेलते समय ज्योति उस तार की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

दोनों घटनाओं के बाद बिजली विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान टूटे हुए बिजली के तारों, बिजली के खंभों और अन्य विद्युत उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी प्रकार की खराबी दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना दें और स्वयं छेड़छाड़ करने से बचें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।