कोरबा से पटना जा रही गर्भवती को रास्ते में हुई प्रसव पीड़ा,बलरामपुर अस्पताल में मां और नवजात भर्ती
कोरबा। कोरबा से पटना जा रही एक यात्री बस में उस समय भावुक पल देखने को मिला, जब रास्ते में गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। बस में मौजूद महिला यात्रियों की सूझबूझ और सहयोग से चलती बस में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया। मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी सुनती देवी अपने पति के साथ बस से पटना जा रही थीं। रात करीब 11 बजे बस अंबिकापुर से आगे पहुंची थी, तभी उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। स्थिति गंभीर होते देख चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोक दिया।
बारिश के बीच बस में सवार एक महिला यात्री ने अन्य महिलाओं की मदद से प्रसव कराया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद नवजात ने सुरक्षित जन्म लिया। बच्चे के जन्म के साथ ही बस में खुशी का माहौल बन गया और यात्रियों ने दंपती को शुभकामनाएं दीं।
बस में उस समय लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। प्रसव के बाद बस बलरामपुर पहुंची, जहां प्रसूता और नवजात को तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों की हालत सामान्य और स्वस्थ बताई जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

