KORBA: एलआईसी कार्यालय में फंदे पर मिला सुरक्षाकर्मी का शव, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा। जिला कलेक्ट्रेट के समीप स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) कार्यालय में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नाइट ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी का शव कार्यालय के भीतर फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान विनोद सोनवानी (25 वर्ष) निवासी आरामशीन के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, विनोद रविवार रात ड्यूटी के लिए एलआईसी कार्यालय गया था। रात में परिजनों ने कई बार उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। इससे चिंतित होकर सोमवार सुबह करीब 5 बजे उसके पिता राजेन्द्र सोनवानी एलआईसी कार्यालय पहुंचे। काफी देर तक आवाज देने और फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना दी गई।

कार्यालय का दरवाजा खोलकर अंदर देखा गया तो विनोद का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी तत्काल सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई।

थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटनास्थल से कुछ संदिग्ध सामग्री भी बरामद हुई है, जिसे जांच के लिए जब्त किया गया है।

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस परिजनों, सहकर्मियों और एलआईसी कर्मचारियों के बयान दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।