कोरबा समेत 6 जिलों में खाद की कोई कमी नहीं, किसानों को चिंता की जरूरत नहीं : रजनीश सिंह

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष बोले पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, सहकारिता के विस्तार से किसानों को मिल रहा लाभ

कोरबा। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर के अध्यक्ष रजनीश सिंह ने दावा किया है कि कोरबा सहित बैंक के अधीन आने वाले सभी छह जिलों में किसानों के लिए रासायनिक खाद की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने किसानों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सहकारी समितियों के माध्यम से खाद प्राप्त करने की अपील की।

कोरबा में आयोजित पत्रकार वार्ता में रजनीश सिंह ने बताया कि वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए कृषि मंत्रालय से अलग स्वतंत्र सहकारिता मंत्रालय का गठन किया, जिसकी जिम्मेदारी केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को सौंपी गई।

मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 29 जून से 6 जुलाई तक पूरे देश में सहकारिता सप्ताह मनाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। 5 जुलाई को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में सहकारिता क्षेत्र से जुड़े किसानों को करोड़ों रुपये की सहायता राशि, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और रुपे कार्ड वितरित किए। वहीं कोरबा के भैंसमा में आयोजित विशाल कृषक सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर सहकारिता योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

रजनीश सिंह ने बताया कि 6 जुलाई को फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एफसीआई) द्वारा नौ बड़े गोदामों का शिलान्यास किया जाएगा। इन गोदामों के बनने से प्रदेश में खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था मजबूत होगी और किसानों को इसका दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

सहकारी समितियों में पर्याप्त खाद का स्टॉक
रजनीश सिंह ने बताया कि बिलासपुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधीन आने वाले छह जिलों में अब तक 65 प्रतिशत से अधिक रासायनिक खाद का वितरण किया जा चुका है।

वर्तमान में 15 प्रतिशत से अधिक खाद का स्टॉक सहकारी समितियों में उपलब्ध है, जबकि 15 से 18 प्रतिशत अतिरिक्त खाद डबल लॉक व्यवस्था में सुरक्षित रखी गई है। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि खाद की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी किसान को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।

पत्रकार वार्ता में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, सहकारिता प्रकोष्ठ के संयोजक बृजभूषण शर्मा तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित,बिलासपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभात मिश्रा भी उपस्थित रहे।