पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका, पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट व्यापारी
कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित द कार स्टूडियो में हुई आगजनी की घटना ने व्यापारियों में चिंता बढ़ा दी है। घटना में दुकान संचालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक आग लगाते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, लेकिन घटना के एक सप्ताह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक सेवन लाल राठौर जब अपनी किराए की दुकान के पीछे चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे, तब उन्होंने दुकान का शटर जला हुआ पाया। अंदर रखे कार सजावट और एक्सेसरीज से संबंधित सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर पूरी वारदात रिकॉर्ड मिली। फुटेज में दो युवक एक डिब्बे में ज्वलनशील पदार्थ लेकर आते दिखाई दे रहे हैं। आरोपियों ने दुकान के अंदर पदार्थ फेंककर आग लगा दी। आग इतनी तेजी से भड़की कि आरोपी भी उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
दुकान संचालक सेवन लाल राठौर ने घटना के पीछे पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई है। उन्होंने सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराने के साथ सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिया है। इसके बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय व्यापारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि खुलेआम आगजनी जैसी घटना होने और आरोपियों के फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद कार्रवाई में देरी से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ सकते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र के दुकानदारों में भय का माहौल है।
व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

