कनेक्ट टू कमिश्नर की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई

आयुक्त ने एक दर्जन स्थानों का किया स्पॉट निरीक्षण, 24 घंटे में समस्याओं का समाधान

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा की अभिनव पहल कनेक्ट टू कमिश्नर और महापौर की पाती आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही हैं। इन योजनाओं के तहत प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए निगम प्रशासन ने कई मामलों का 24 घंटे के भीतर निराकरण किया है।

शिकायतों और उनके समाधान की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्पॉट निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से सीधे संवाद कर समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निगम प्रशासन के अनुसार सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सफाई, अतिक्रमण, अवैध कब्जे तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं है, उन्हें प्रक्रियागत कार्रवाई के लिए कार्ययोजना में शामिल किया गया है।

आयुक्त ने परसाभांठा साप्ताहिक बाजार, बालको सेक्टर-5 शॉपिंग सेंटर, वार्ड क्रमांक 16 पंप हाउस, ट्रामा सेंटर के सामने रिसदी रोड, बुधवारी बस्ती, सीतामणी गौमाता चौक, साकेत नगर लालूराम कॉलोनी, खरमोरा इंडस्ट्रियल एरिया, टीपी नगर स्थित राजू होटल के पास, मुड़ापार प्रधानमंत्री आवास, शिवाजी नगर तथा निहारिका क्षेत्र सहित एक दर्जन से अधिक स्थानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिकायतों के निराकरण की जमीनी स्थिति का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को नागरिक सुविधाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।

जनहित में प्रभावी पहल
निगम प्रशासन का कहना है कि कनेक्ट टू कमिश्नर योजना के माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचा रहे हैं, जिससे शिकायतों का त्वरित निराकरण संभव हो रहा है। इस पहल से लोगों को राहत मिल रही है और नगर निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही भी बढ़ रही है।