कोरबा। शहर में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा ‘सजग कोरबा–सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत सघन बाइक पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और कई लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बाइक पेट्रोलिंग का उद्देश्य उन संकरी गलियों और अंदरूनी क्षेत्रों तक त्वरित पहुंच सुनिश्चित करना है, जहां चारपहिया वाहन आसानी से नहीं पहुंच पाते। बाइक सवार पुलिस जवान लगातार संवेदनशील इलाकों में भ्रमण कर अड्डेबाजी, संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रख रहे हैं।
अभियान के तहत थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र के डिगापुर, सिंगापुर और टीपी नगर चौक सहित थाना कोतवाली क्षेत्र के राताखार, रामसागरपारा, मोतीसागरपारा, पुरानी बस्ती, सीतामढ़ी, इमलीडुग्गू, रेलवे स्टेशन और संजय नगर जैसे क्षेत्रों में विशेष चेकिंग की गई। पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर पूछताछ की और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वालों पर नजर रखी।
कार्रवाई के दौरान तीन संदेहियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धारा 128 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई, जबकि एक व्यक्ति पर आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत मामला दर्ज किया गया। वाहन जांच के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम के लिए बाइक पेट्रोलिंग एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैधानिक कार्य या अड्डेबाजी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
