सीमांकन के बाद बनाए गए निर्माण को ट्रैक्टर से क्षतिग्रस्त करने और धमकी देने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
कोरबा। कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भैरोताल (कपाटमुड़ा) में एक कृषक ने उसकी वैध बाउंड्री वॉल को ट्रैक्टर से क्षतिग्रस्त किए जाने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने कुसमुंडा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि संबंधित भूमि एवं रास्ते को लेकर पूर्व में राजस्व विभाग के पटवारी और राजस्व निरीक्षक (आरआई) द्वारा सीमांकन कराया गया था।
सीमांकन के दौरान उक्त स्थल पर किसी प्रकार के सार्वजनिक रास्ते का उल्लेख नहीं पाया गया था तथा भूमि पर किया गया निर्माण वैध माना गया था।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसके बावजूद उनकी बाउंड्री वॉल को ट्रैक्टर की सहायता से नुकसान पहुंचाया गया। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है।
मामले की शिकायत कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम तथा तहसीलदार को भी भेजी गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इधर, कुसमुंडा पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

