शहरवासियों को मिलेगी आधुनिक व प्रदूषणमुक्त यातायात सुविधा
दर्री बस स्टैंड बनेगा संचालन केंद्र, चार्जिंग सब-स्टेशन तैयार
कोरबा।कोरबा जिले की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। शहरवासियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और प्रदूषणमुक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आगामी अगस्त माह से 40 इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत दर्री स्थित प्रतीक्षा बस स्टैंड परिसर को बसों के संचालन का प्रमुख केंद्र बनाया जा रहा है। यहां बसों की चार्जिंग, पार्किंग और रखरखाव के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित की जा रही है। बसों की चार्जिंग के लिए स्थापित सब-स्टेशन पूरी तरह तैयार हो चुका है, जबकि अत्याधुनिक वर्कशॉप का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
शहर और आसपास के उपनगरीय क्षेत्रों में लगातार बढ़ते आवागमन को देखते हुए लंबे समय से बेहतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की मांग की जा रही थी। प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यापारी और ग्रामीण क्षेत्र के लोग शहर में आवागमन करते हैं। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से उन्हें सुलभ और किफायती यात्रा का विकल्प मिलेगा।
प्रदूषण नियंत्रण में मिलेगी मदद
इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, जिससे शहर में यातायात का दबाव घटेगा और वायु प्रदूषण पर भी नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी। यह पहल पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
हरित परिवहन की दिशा में बड़ा कदम
कोरबा अब प्रदेश के उन प्रमुख शहरों में शामिल होने जा रहा है जहां बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होगा। केंद्र और राज्य सरकार की हरित परिवहन नीति के अनुरूप इस परियोजना को तेजी से अमल में लाया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार बसों के संचालन के लिए आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। वर्कशॉप में बसों की नियमित सर्विसिंग, तकनीकी जांच और मरम्मत की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा आने पर तत्काल समाधान किया जा सकेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
