वायरल वीडियो के बाद वन विभाग हरकत में, डीएफओ ने दिए जांच के आदेश
कोरबा। कटघोरा वनमंडल के पसान वन परिक्षेत्र में जंगली सुअर के शिकार के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। वन विभाग द्वारा शिकारियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई किए जाने के बीच अब कुछ आरोपियों को बचाने के नाम पर कथित वसूली के आरोप सामने आए हैं। मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पसान वन परिक्षेत्र के लैंगा बीट अंतर्गत करी गांव में कुछ दिन पहले ग्रामीणों द्वारा जंगली सुअर का शिकार किए जाने और उसके मांस का सेवन करने की तैयारी की सूचना वन विभाग को मिली थी। सूचना पर फॉरेस्ट गार्ड राम कुमार कोराम मौके पर पहुंचे और शिकार में शामिल कुछ लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए शिकार में प्रयुक्त सामग्री जब्त की।
इसी बीच एक महिला डिप्टी रेंजर का कथित वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें शिकार मामले और कुछ लोगों को बचाने के एवज में डेढ़ से दो लाख रुपये की वसूली किए जाने जैसी बातें कही जा रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।
कटघोरा वनमंडल के डीएफओ कुमार निशांत ने वायरल वीडियो की जानकारी मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पसान रेंजर मनीष सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, वहीं वन विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

