आंधी में उखड़ा विशाल बरगद, पेड़ के नीचे दबकर महिला घायल

कोरबा। कूदमुरा बस स्टैंड में रविवार शाम आए तेज आंधी-तूफान के दौरान एक विशाल बरगद का पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गया। हादसे में एक महिला पेड़ के नीचे दबकर घायल हो गई। ग्रामीणों, पुलिस और वन विभाग की तत्परता से महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार शाम करीब 7 बजे कूदमुरा क्षेत्र में अचानक मौसम बदल गया और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान बस स्टैंड परिसर में वर्षों पुराना विशाल बरगद का पेड़ जड़ समेत उखड़कर धराशायी हो गया।

घटना के समय बस स्टैंड पर कई लोग मौजूद थे। पेड़ गिरते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि अधिकांश लोग समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लेकिन एक महिला पेड़ की चपेट में आकर उसके नीचे दब गई।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण, पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त प्रयास से पेड़ की शाखाओं को हटाकर महिला को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक स्थलों पर पुराने और जर्जर पेड़ों का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।