कलचुरी कालीन धरोहर वाले तुमान गांव में मिला ब्रिटिश राजा की तस्वीर वाला स्टाम्प, डिजिटल संरक्षण की तैयारी
कोरबा। अमरकंटक मार्ग स्थित ऐतिहासिक ग्राम तुमान एक बार फिर चर्चा में है। कलचुरी कालीन शिव मंदिर के अवशेषों के कारण पहले से प्रसिद्ध इस गांव का अब ब्रिटिशकाल से भी संबंध सामने आया है। जिले में चल रहे पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान के दौरान यहां से एक महत्वपूर्ण ब्रिटिशकालीन दस्तावेज मिला है, जिसने इतिहासकारों और शोधकर्ताओं की रुचि बढ़ा दी है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिलेभर में पाण्डुलिपि एवं पुराने दस्तावेजों के सर्वेक्षण का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम तुमान में सर्वेक्षण के दौरान यह ऐतिहासिक दस्तावेज सामने आया।
ज्ञानभारतम के जिला समन्वयक सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि ग्राम निवासी दिवंगत बिधून दास महंत के परिवार द्वारा यह दस्तावेज सर्वेक्षण दल को उपलब्ध कराया गया।
दस्तावेज का अवलोकन करने पर पता चला कि यह करीब 80 वर्ष पुराना हस्तलिखित अभिलेख है, जिसमें एक रुपये मूल्य के स्टाम्प पर ब्रिटेन के तत्कालीन राजा की तस्वीर अंकित है।
पुराना होने के कारण दस्तावेज की स्याही धुंधली पड़ चुकी है और कागज भी काफी जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। सर्वेक्षण दल ने ग्रामीणों और परिजनों को ऐसे ऐतिहासिक दस्तावेजों को सुरक्षित रखने की सलाह दी।
अभियान के तहत 75 वर्ष से अधिक पुराने हस्तलिखित दस्तावेजों और पाण्डुलिपियों का पंजीयन किया जा रहा है।
कागज, ताड़पत्र या भोजपत्र पर लिखी गई पाण्डुलिपियों को ‘ज्ञानभारतम’ एप के माध्यम से सूचीबद्ध कर उनका फोटो अपलोड किया जा रहा है, ताकि इनका डिजिटल संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे दस्तावेज जिले के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को नई पहचान देने में सहायक साबित होंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

