452 कैडेट्स ने फायर सेफ्टी कैंप में लिया हिस्सा, आग से बचाव के उपायों की दी गई जानकारी
कोरबा। बुधवारी स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में बुधवार को एनसीसी कैंप के दौरान अग्नि सुरक्षा एवं बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए 452 महिला एवं पुरुष एनसीसी कैडेट्स सहित 12 अधिकारियों और अनुदेशकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स को आग लगने की स्थिति में सतर्कता, बचाव और नियंत्रण के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी देना था। विशेषज्ञों ने बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए समय रहते सही कदम उठाना बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान लिक्विड, फॉग मशीन और पानी की सहायता से आग बुझाने का लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया।
कैडेट्स को विभिन्न प्रकार की आग पर नियंत्रण पाने के तरीके, फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग और आगजनी रोकने के उपायों की जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने कहा कि बढ़ती गर्मी के साथ आग लगने की घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है। ऐसे में इस तरह का प्रशिक्षण युवाओं के लिए बेहद जरूरी है ताकि वे न केवल स्वयं सुरक्षित रह सकें, बल्कि दूसरों को भी जागरूक कर सकें।
प्रशिक्षण में घर, स्कूल, कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों पर फायर एक्सटिंग्विशर, सैंड बकेट और स्मोक अलार्म जैसे सुरक्षा उपकरण रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। कैडेट्स ने स्वयं उपकरणों का उपयोग कर प्रैक्टिकल अनुभव प्राप्त किया।
अनुदेशकों ने बताया कि किसी भी आगजनी की घटना के दौरान घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता के साथ कार्य करना चाहिए, तभी बड़े नुकसान से बचा जा सकता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
