गैस कटर से काटकर ट्रक में भर ले गए थे 102 पोल, बांकीमोंगरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कोरबा। बांकीमोंगरा पुलिस ने निर्माणाधीन रेलवे लाइन से सरकारी विद्युत खंभों की चोरी के बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो निगरानी बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने गैस कटर की मदद से रेलवे के विद्युत खंभों को काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी गए माल की कीमत करीब 42 लाख 41 हजार रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक चमन सिन्हा ने बताया कि आरएस इन्फ्रा प्रोजेक्ट कंपनी द्वारा सुराकछार से सेन्दुरगढ़-पसान तक निर्माणाधीन रेलवे लाइन में ओवरहेड इलेक्ट्रिकल लाइन का कार्य किया जा रहा था। इसके लिए 444 विद्युत खंभे बांकी 04 नंबर बायपास रोड स्थित बैचिंग प्लांट के पास रखे गए थे। जांच में पाया गया कि 102 विद्युत खंभे गायब हैं।
प्रार्थी अनीश कुमार सिंह की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान चोरी किए गए खंभे जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में एक ट्रक से बरामद हुए। ट्रक मालिक से पूछताछ में धरम सिंह राजपूत और फिरोज उर्फ राजा खान का नाम सामने आया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने ड्राइवर अशोक चौहान के साथ मिलकर गैस कटर से खंभों को काटा और ट्रक क्रमांक सीजी 10 आर 1744 में भरकर चोरी कर लिया। पुलिस ने 140 नग कटे हुए विद्युत खंभों के टुकड़े, गैस सिलेंडर, कटर तथा घटना में प्रयुक्त ट्रक जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम पाली से आरोपी धरम सिंह राजपूत और फिरोज उर्फ राजा खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपियों को न्यायालय में पेश कर उपजेल कटघोरा भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार धरम सिंह राजपूत पहले से निगरानी बदमाश है और उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पिछले वर्ष अवैध कट्टा रखने और फायरिंग के मामले में भी वह जेल जा चुका है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक चमन सिन्हा, एएसआई चन्द्रशेखर वैष्णव, प्रधान आरक्षक नरेंद्र टेकाम, राजेश कंवर सहित पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
