मजदूर हितों के लिए होगा बड़ा संघर्ष : बजरंगी शाही

गेवरा पहुंचने पर केंद्रीय अध्यक्ष और संभागीय प्रभारी का हुआ भव्य स्वागत

कोरबा। कोयला मजदूर सभा के केंद्रीय अध्यक्ष बजरंगी शाही एवं संभागीय प्रभारी केदार नाथ अग्रवाल के गेवरा आगमन पर श्रमिक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कोयला क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से पहुंचे मजदूर प्रतिनिधियों ने संगठन की मजबूती और श्रमिक हितों को लेकर चर्चा की।

स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व गिरजा साहू और अशोक साहू ने अपनी टीम के साथ किया। कार्यक्रम में कुसमुंडा और दीपका क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में श्रमिक नेता शामिल हुए।

कुसमुंडा क्षेत्र से मनीष सिंह (सदस्य, क्षेत्रीय सुरक्षा समिति एवं केंद्रीय संगठन मंत्री), निरंजन सिंह (क्षेत्रीय कल्याण समिति), विकास पाठक, सुमंत कुमार, विजय विश्वकर्मा और अनंत त्रिपाठी उपस्थित रहे।

वहीं मिट्ठू लाल साहू, दिनेश्वर साहू, छोटे लाल साहू, आर.एस. तिवारी, राजेश सिंह, दीपक कुमार दुबे सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी केंद्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।

इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष बजरंगी शाही ने कहा कि संगठन मजदूरों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करेगा। उन्होंने समिति सदस्यों से श्रमिक हितों के प्रति सजग रहने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत कार्यकर्ताओं की एकजुटता में है। आने वाले समय में मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।

संभागीय प्रभारी केदार नाथ अग्रवाल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल सदस्यता बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रत्येक कोयला मजदूर को सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि संभाग स्तर पर जल्द ही विशेष अभियान चलाकर श्रमिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण की दिशा में काम किया जाएगा।