कोरबा। कोरबा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा गीतांजलि भवन में जिला स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभागियों ने योग की विविध विधाओं का शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत भी किया गया। प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु कोरबा एवं रायगढ़ से निर्णायकों को आमंत्रित किया गया था।
समापन समारोह में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाता है। उन्होंने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल ने बताया कि संगठन लगातार योग को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से योग के क्षेत्र में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों को बेहतर मंच प्रदान किया गया है, जिससे उन्हें आगे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर एसोसिएशन के सचिव संजय कुर्मवंशी, डॉ. नागेंद्र शर्मा, दुर्गेश राठौर, सचिन विश्वकर्मा, इन्द्रनारायण, सुनील अग्रवाल, विनोद रत्नाकर, विनोद गुप्ता, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष भाजपा श्रीमती मीना शर्मा, श्रीमती उत्तरा कुम्भकार, शक्ति केंद्र संयोजक कपूर चंद पटेल, पार्षद नरेन्द्र देवांगन, युवा मोर्चा कोरबा मंडल अध्यक्ष सागर टेवानी, जिला उपाध्यक्ष अजा मोर्चा लक्ष्य चतुर्वेदी एवं सोनू सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
