जाम और अव्यवस्था पर सख्ती, सड़कों पर उतरे पुलिस अधिकारी

पीएच रोड से ट्रांसपोर्ट नगर तक रात्रि पेट्रोलिंग, यातायात सुधारने बनाई रणनीति

कोरबा।शहर के व्यस्ततम मार्ग पीएच रोड से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा तक लगातार बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन अब सीधे मैदान में उतर आया है। शाम ढलते ही इस मार्ग पर लगने वाले जाम से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई प्रयासों के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर ट्रैफिक पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने मोर्चा संभाला।

रात्रि के समय एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर, डीएसपी ट्रैफिक डीके सिंह, टीआई एमबी पटेल, तेज यादव एवं ट्रैफिक स्टाफ ने क्षेत्र में व्यापक पेट्रोलिंग कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने उन प्रमुख कारणों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया, जिनकी वजह से सड़क पर दबाव और अव्यवस्था बढ़ रही है।

पेट्रोलिंग के दौरान सड़क किनारे अवैध पार्किंग, बेतरतीब वाहन खड़े करने, भारी वाहनों की आवाजाही और बाजार क्षेत्र में बढ़ती भीड़ को लेकर स्थिति का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की और संबंधित अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गौरतलब है कि इससे पहले जिला प्रशासन द्वारा इस समस्या को लेकर चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की जा चुकी है, जिसमें व्यापारिक क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुधारने और नागरिक सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श हुआ था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आगे भी लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि नागरिकों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।