सुशासन तिहार में किसान को मिली बड़ी राहत, शिव कंवर को मिला पेट्रोल चालित पंप

सिंचाई संकट दूर होने से खेती को मिलेगी नई रफ्तार, किसान ने जताया शासन के प्रति आभार

कोरबा।विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। कोरबा जिले में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में किसानों को भी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।

इसी कड़ी में ग्राम नवापारा निवासी किसान शिव कंवर को सिंचाई समस्या से राहत मिली है। वर्षों से खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले शिव कंवर लगभग तीन से चार एकड़ भूमि में धान की खेती करते हैं।

सिंचाई के पर्याप्त साधन नहीं होने के कारण उन्हें हर वर्ष परेशानी उठानी पड़ती थी, जिससे फसल उत्पादन भी प्रभावित होता था।

सुशासन तिहार के दौरान उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा उन्हें पेट्रोल चालित पंप उपलब्ध कराया गया। पंप मिलने से अब खेतों तक समय पर पानी पहुंच सकेगा और खेती का कार्य अधिक सुचारु रूप से हो पाएगा।

इससे उत्पादन बढ़ने के साथ किसान की आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।

शिव कंवर ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार आम लोगों के लिए राहत और भरोसे का माध्यम बन रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब सिंचाई की बड़ी समस्या दूर हो जाएगी और खेती बेहतर तरीके से कर सकेंगे।