कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल की बैठक में राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अंतिम फैसला कर लिया गया है। वरिष्ठ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया है। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।
बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने शुभेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। अमित शाह ने भी इस फैसले पर औपचारिक मुहर लगा दी।
अमित शाह ने की पूजा-अर्चना
बैठक से पहले अमित शाह कोलकाता के प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ अहम बैठकें कीं, जिसमें सरकार गठन और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चर्चा हुई।
शाम 6 बजे तक तस्वीर साफ
भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि शाम 6 बजे तक सारी तस्वीर साफ हो जाएगी। बैठक में कैबिनेट गठन, मंत्रियों के विभागों के बंटवारे और सरकार की प्राथमिकताओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
शपथ ग्रहण समारोह
कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री और राज्यों के मुख्यमंत्री इस समारोह में शामिल होंगे।
ऐतिहासिक जीत
2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में इतिहास रच दिया। 294 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 206 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। 2021 में भाजपा को मात्र 77 सीटें मिली थीं।
यह भाजपा के लिए पश्चिम बंगाल में पहली सरकार बनाने का मौका है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
