वन औषधि उत्पादों की बिक्री से डोंगानाला महिला समूह को मिला 20.75 लाख का लाभांश

प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह के निर्देश पर हुआ भुगतान

कोरबा जिले के पाली विकासखंड स्थित डोंगानाला वन धन विकास औषधि प्रसंस्करण केंद्र से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूह “हरि बोल” को वन औषधि उत्पादों की बिक्री से 20 लाख 75 हजार रुपए का लाभांश प्राप्त हुआ है। राशि मिलने से समूह की महिलाओं में उत्साह और खुशी का माहौल है।

समूह की सदस्यों ने निहारिका बारिक सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनके निर्देश पर वन विभाग द्वारा लाभांश राशि का भुगतान सुनिश्चित किया गया।

जानकारी के अनुसार वन धन केंद्र के माध्यम से तैयार हर्बल एवं वन औषधि उत्पादों का नियमित विक्रय किया जा रहा है। इन उत्पादों की आपूर्ति मार्ट के अलावा आयुष विभाग को भी बड़े स्तर पर की गई है। केंद्र द्वारा कुल 2 करोड़ 55 लाख रुपए के हर्बल उत्पादों की बिक्री की गई, जिनमें हिंग्वाष्टक चूर्ण, शतावरी चूर्ण, अविपत्तिकर चूर्ण, शितोप्लादी चूर्ण और अर्जुनत्वक चूर्ण प्रमुख हैं।

बताया गया कि प्रमुख सचिव श्रीमती सिंह ने 16 अप्रैल को कोरबा प्रवास के दौरान वन विभाग को निर्देश दिए थे कि विक्रय से प्राप्त राशि का लाभांश शीघ्र संबंधित स्व-सहायता समूहों तक पहुंचाया जाए। निर्देशों के पालन में यह राशि समूह के खातों में अंतरित की गई।

लाभांश प्राप्त होने पर समूह की महिलाओं ने कहा कि इस आय से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और आत्मनिर्भरता की दिशा में उन्हें नई शक्ति मिलेगी। महिलाओं ने जिला प्रशासन और वन विभाग के प्रति भी आभार जताया।