वर्षों की परेशानी खत्म, पहाड़ी इलाकों में बनी पक्की सड़क, अब बारिश में भी आवाजाही होगी आसान

कोरबा।कोरबा विकासखंड के दूरस्थ, पहाड़ी और जंगलों की गोद में बसे जामभाठा, सोनारी तथा आसपास के इलाकों को वर्षों तक दुर्गम क्षेत्र के नाम से जाना जाता था। अब प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर बनी पक्की सड़क ने इस कलंक को दूर कर दिया है।

बारिश के दिनों में कीचड़ और फिसलन भरा रास्ता बीमार को अस्पताल ले जाना, बच्चों की पढ़ाई या बुजुर्गों को बाहर ले जाना  हर काम संघर्ष से भरा होता था। ग्राम देवपहरी मुख्य मार्ग से अंदर के इन गांवों तक पहुंचना बेहद कठिन था।

लगभग 3.60 किलोमीटर लंबी यह पक्की सड़क पहाड़ी और पथरीले इलाके में बनाना चुनौतीपूर्ण कार्य था, लेकिन संकल्प और प्रयासों से इसे पूरा कर लिया गया। अब गांववासियों के सामने किसी भी प्रकार की समस्या नहीं रह गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों पहले की स्थिति और आज की तस्वीर में जमीन-आसमान का अंतर आ गया है। अब आवागमन सुगम होने से स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजमर्रा की जरूरतों में काफी सुधार हुआ है।