कोरबा। शहर में नवनिर्मित मल्टीलेवल पार्किंग के संचालन और पावर हाउस रोड की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन, चेम्बर ऑफ कॉमर्स और व्यापारियों के बीच अहम सहमति बनी है।
नगर पालिक निगम के आयुक्त आशुतोष पांडेय ने साकेत स्थित निगम भवन में बैठक लेकर व्यापारियों और चेम्बर पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। निर्णय लिया गया कि पावर हाउस रोड के सभी व्यापारी अपने वाहन मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ा करेंगे और वहां से ई-कार्ट के माध्यम से दुकान तक पहुंचेंगे। साथ ही ग्राहकों को भी पार्किंग का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था सुधारने के तहत पावर हाउस रोड पर बड़ी गाड़ियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। ट्रक, बस और ट्रैक्टर जैसे वाहन ओवरब्रिज से होकर ही गुजरेंगे।
मालवाहक और ट्रैक्टर के लिए निर्धारित समय तय किया जाएगा, उसी दौरान उन्हें मार्ग पर आने की अनुमति होगी।
इसके अलावा दर्री रोड ओवरब्रिज से भी भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा और वैकल्पिक मार्ग अपनाना अनिवार्य होगा। विशेष परिस्थितियों में प्रशासन से अनुमति लेना आवश्यक होगा।
बैठक में ई-कार्ट सुविधा बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। कई व्यापारिक संस्थानों ने ई-कार्ट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जबकि इनके संचालन के लिए निगम ड्राइवर उपलब्ध कराएगा और रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभाएगा।
प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से शहर में यातायात सुचारू होगा, जाम की समस्या कम होगी और बाजार क्षेत्र में आम लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
