कोरबा। पंचवटी मार्ग पर पैथोलॉजी लैब में काम करने वाली नर्स पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के करीब एक महीने बाद मुख्य आरोपी शक्ति कुमार सहीस को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। दोनों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।
घटना 27 मार्च की सुबह लगभग 10:40 बजे की है, जब पंपहाउस कॉलोनी निवासी आशा खैरवार अपने काम के लिए लैब जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने पीछे से उन पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल नर्स को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले में सीएसईबी चौकी में धारा 109(1), 3, 5 के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और टावर डंप डेटा के जरिए संदिग्ध मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया।
लगातार एक महीने तक चली जांच के बाद धनवार पारा निवासी शक्ति कुमार सहीस और उसके नाबालिग साथी की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त चाकू का कवर बरामद किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
