कोरबा। जिले के एक वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को आवश्यक सुविधाएं नहीं मिलने का मामला सामने आया है। समाज कल्याण विभाग द्वारा व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं कराए जाने पर इसकी शिकायत कलेक्टर से की गई है।
आश्रम में वर्तमान में 27 बुजुर्ग निवासरत हैं। इनमें 74 वर्षीय हीरालाल चौहान को बड़ी साइज की व्हीलचेयर की आवश्यकता है। उन्होंने 19 फरवरी 2026 को इसके लिए आवेदन भी दिया था, लेकिन दो माह बीत जाने के बाद भी उन्हें व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं कराई गई।
आश्रम प्रबंधन का कहना है कि यहां कुछ व्हीलचेयर मौजूद हैं, लेकिन वे आकार में छोटी हैं और हीरालाल चौहान के उपयोग के लिए उपयुक्त नहीं हैं। इससे पहले भी आश्रम के बुजुर्गों के लिए टॉयलेट व्हीलचेयर और वॉकर की मांग की गई थी, जिस पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इस मामले में समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के रवैये पर भी सवाल उठाए गए हैं। आश्रम प्रबंधन ने कलेक्टर से मांग की है कि बुजुर्गों की जरूरतों को देखते हुए जल्द से जल्द आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
