छुरीकला के छात्र का ‘युविका’ में चयन,अंतरिक्ष विज्ञान की ओर बढ़ा कदम,कलेक्टर ने दी बधाई

कोरबा। पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छुरीकला के कक्षा 10वीं के छात्र सार्थक तंवर का चयन ‘युविका – युवा विज्ञानी कार्यक्रम’ में होने से जिले का गौरव बढ़ा है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सार्थक को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर ने कहा कि सार्थक का चयन पूरे जिले के लिए गर्व की बात है और उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सार्थक भविष्य में अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन द्वारा संचालित ‘युविका’ कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान की गहन जानकारी देना और उनमें विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना है। इसी क्रम में सार्थक का चयन आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में आयोजित 15 दिवसीय प्रशिक्षण के लिए हुआ है, जो 10 मई से 22 मई 2026 तक चलेगा।

विद्यालय में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है।

प्राचार्य डॉ.असद अहमद ने प्रार्थना सभा में सार्थक को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अन्य छात्रों को भी ऐसे अवसरों के लिए प्रेरित किया।

सहायक आयुक्त श्रीकांत कसेर ने भी इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

सार्थक तंवर की इस सफलता ने कोरबा जिले का नाम रोशन किया है और युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा प्रस्तुत की है।