अधिवक्ता संगीता चौहान नगर पालिक निगम कोरबा की विधिक सलाहकार नियुक्त

कोरबा।शहर की युवा अधिवक्ता श्रीमती संगीता चौहान को नगर पालिक निगम कोरबा की विधिक सलाहकार नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति पर कोरबा के अधिवक्ता संघ, चौहान समाज तथा युवा अधिवक्ताओं में खुशी का माहौल है।

संगीता चौहान को सिविल और उपभोक्ता मामलों में उनके समृद्ध अनुभव तथा विधिक क्षेत्र में मिल रही लगातार सफलताओं को देखते हुए नगर निगम द्वारा यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नियुक्ति के बाद संगीता चौहान ने कहा कि यह उनके कड़ी मेहनत और कार्यक्षमता का परिणाम है। उन्होंने वादा किया कि वे नगर निगम कोरबा के सभी विधिक मामलों में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगी।

श्रीमती संगीता चौहान ने अपनी नियुक्ति पर कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर और निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय का हृदय से आभार व्यक्त किया।

नियुक्ति की खबर मिलते ही जिला अधिवक्ता संघ कोरबा के पदाधिकारियों, युवा अधिवक्ताओं और चौहान समाज के लोगों ने संगीता चौहान को बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।