सर्वर डाउन और सुविधाओं के अभाव से लाभार्थी परेशान, केंद्रों की संख्या बढ़ाने की मांग
कोरबा।छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना की 26वीं किस्त जारी होने के बाद जहां महिलाओं में उत्साह का माहौल है, वहीं ई-केवाईसी प्रक्रिया अब उनके लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक ही पहुंचे, इसके लिए ई-केवाईसी अनिवार्य की गई है, लेकिन इसे पूरा करने में कई व्यावहारिक दिक्कतें सामने आ रही हैं।
शहर के विभिन्न चॉइस सेंटरों में लाभार्थी महिलाएं घंटों लंबी कतारों में खड़ी रह रही हैं। इसके बावजूद सर्वर बार-बार डाउन होने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
कई महिलाओं ने बताया कि वे कई दिनों से चक्कर लगा रही हैं, लेकिन हर बार “सर्वर डाउन” का जवाब मिल रहा है।
जीविका चॉइस सेंटर सहित अन्य केंद्रों के बाहर महिलाओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। यहां बैठने की व्यवस्था, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है, जिससे महिलाएं और अधिक परेशान हो रही हैं।
महिलाओं ने सवाल उठाया है कि यदि सर्वर की समस्या लगातार बनी हुई है, तो इसका समाधान क्यों नहीं किया जा रहा। साथ ही उन्होंने मांग की है कि शहर में सुविधायुक्त चॉइस सेंटरों की संख्या तत्काल बढ़ाई जाए, ताकि भीड़ कम हो और प्रक्रिया सुगम हो सके।
लाभार्थियों का कहना है कि केंद्रों की कमी, अव्यवस्था और सही जानकारी के अभाव के कारण उनकी परेशानी लगातार बढ़ रही है। यदि जल्द ही समाधान नहीं किया गया, तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















