रिटायर्ड ASI के घर लाखों की चोरी, दरवाजा तोड़कर घुसे चोर

बारात में गया परिवार, सूने घर में दूसरी बार चोरी

कोरबा।शादी की खुशियों के बीच शहर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सीएसईबी कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने रिटायर्ड एएसआई के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के मुताबिक रिटायर्ड एएसआई ग्लेटविन कुमार अपने बेटे की बारात लेकर परिवार सहित शहर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर चोर घर में घुस गए और कीमती सामान समेत लाखों रुपये का माल पार कर फरार हो गए।

चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए दरवाजे की स्लेट उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और उसी रास्ते से बाहर निकल गए। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी।

साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया, जिसने आसपास के क्षेत्र में छानबीन की।

गौरतलब है कि इसी मकान में इसी साल जनवरी माह में भी करीब 10 लाख रुपये की चोरी हो चुकी है। लगातार दूसरी बार चोरी की घटना से कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।